सीतापुर। सिधौली-मिश्रिख मार्ग से गेंधरिया गांव तक 4.08 किलोमीटर सड़क का 10.12 करोड़ रुपये की लागत से चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। इसकी चौड़ाई साढ़े पांच मीटर की जाएगी। इससे करीब 25 गांवों की 60 हजार आबादी को फायदा मिलेगा। लोक निर्माण विभाग ने सड़क निर्माण कार्य का एस्टीमेट बनाकर भेज दिया है। मंजूरी और बजट मिलने पर निर्माण की प्रक्रिया शुरू होगी।
इस मार्ग की चौड़ाई अभी 3.5 मीटर है। इसके चलते आवागमन में लोगों को परेशान होना पड़ता है। इस मार्ग पर स्थित गांवों के लोगों का कहना है कि भारी वाहन सामने से आने पर मुश्किल से दूसरा वाहन निकल पाता है। अगर दोनों तरफ से ट्रैक्टर-ट्राॅली आ जाए तो एक को सड़क के नीचे उतारना पड़ता है। अगर दोनों वाहन लोड होते हैं तो निकलना आसान नहीं होता है। इस समय गन्ने का सीजन चल रहा है, ऐसे में गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से पूरी सड़क घिर जाती है।
राहगीरों की परेशानियों को ध्यान में रखते हुए लोक निर्माण विभाग की ओर से इस मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण का प्रस्ताव और एस्टीमेट शासन भेजा गया है। लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता संजीव चंद्र ने बताया कि प्रस्ताव मंजूर हो जाने के बाद बजट मिलने पर 3.5 मीटर की जगह इस सड़क की चौड़ाई 5.50 मीटर हो जाएगी। इससे दो वाहन एक साथ आसानी से गुजर सकेंगे।
इनको मिलेगा फायदा
सिधौली-मिश्रिख मार्ग से गेंधरिया गांव तक सड़क चौड़ी होने से भेलावा, लालपुर, गुलरहिया, सिसेंडी समेत 25 गांवों की 60 हजार आबादी का आवागमन सुगम हाेगा। यह सड़क बनियामऊ व सूरजपुर होते हुए मछरेहटा से जुड़ जाएगी।