सीतापुर। शहर के नर्मदेश्वर महादेव मंदिर से चार दिन पूर्व एक श्रद्धालु की चोरी हुई पिस्टल को पुलिस ने शनिवार को बरामद कर लिया। पिस्टल को मंदिर में वापस कौन रख गया, इस पहलू की जांच की जा रही है। हालांकि पिस्टल की बरामदगी को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
चुंगी चौराहे पर स्थित एक शिक्षण संस्थान की लाइब्रेरी के संचालक चार दिन पूर्व आरएमपी कॉलेज परिसर स्थित नर्मदेश्वर महादेव मंदिर गए थे। वहां उनकी पिस्टल चोरी हो गई थी। उन्होंने पिस्टल के चोरी हो जाने की सूचना पुलिस को दी थी। इसके बाद पुलिस टीमें सक्रिय हो गई थीं।
सूत्रों के अनुसार पिस्टल की बरामदगी के लिए शहर कोतवाली से तीन टीमों को लगाया गया था। चार दिन में तीन पुलिस टीमों ने मंदिर व आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ करीब दस से 12 संदिग्धों से पूछताछ भी की थी।
पुलिस का शिकंजा कसते देख शनिवार को मंदिर परिसर में ही पिस्टल संदिग्ध हालात में पड़ी मिली। अब पुलिस इस दिशा में जांच कर रही है कि आखिर मंदिर में पिस्टल वापस कौन रखकर गया है। हालांकि पुलिस ने इस घटना का औपचारिक रूप से खुलासा नहीं किया है। शनिवार को पिस्टल बरामद कर ली गई है।