सिधौली बिसवां मार्ग पर बने इस कम्हरिया पुल के पास बनेगा नया पुल। संवाद
सीतापुर/मास्टरबाग। जिले के प्रमुख ग्रामीण संपर्क मार्गों पर आवागमन सुगम करने के लिए दो पुल और एक पुलिया का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए शासन से 5.43 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। लोक निर्माण विभाग ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। बरसात के बाद निर्माण कार्य शुरू कराने की तैयारी है।
सिधौली-बिसवां मार्ग पर कम्हरिया में नहर पर बने पुराने पुल का पुनर्निर्माण कराया जाएगा। वर्तमान में पुल की चौड़ाई 5.50 मीटर है। इसे बढ़ाकर 12.50 मीटर किया जाएगा। पुल की लंबाई 10.5 मीटर होगी। इस पर 2.47 करोड़ रुपये खर्च होंगे। मार्ग का चौड़ीकरण करीब डेढ़ साल पहले कराया गया था, लेकिन पुल संकरा होने से बड़े वाहनों को निकलने में परेशानी होती है। नया पुल बनने से आवागमन आसान होगा।
इसके अलावा महमूदाबाद क्षेत्र के भैरी संपर्क मार्ग पर खार्जा के पास 55.35 लाख रुपये की लागत से आरसीसी पुलिया बनाई जाएगी। पोखरा कला से राजापुर संपर्क मार्ग पर 2.40 करोड़ रुपये की लागत से 10.5 मीटर लंबा और 7.5 मीटर चौड़ा पुल बनाया जाएगा।
पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड एक की ओर से पुलों के निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। स्वीकृति मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विभाग की योजना टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद बरसात के बाद निर्माण शुरू कराने की है।
टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद शुरू होगा कार्य
आम जनता को आवागमन में आसानी हो सके, इसके लिए प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। 5.43 करोड़ रुपये से तीन पुलों के निर्माण को स्वीकृति मिली है। टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के बाद मार्च तक कार्य पूर्ण कराया जाना है।
-मनोज कुमार, अवर अभियंता, पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड