सिधौली/कुंवरगड्डी। निर्माणाधीन गोशाला के चल रहे निर्माण कार्य की गुणवत्ता परखने के लिए शुक्रवार को ड्रिलिंग मशीन का इस्तेमाल कर तकनीकी जांच की गई। जांच टीम ने घटिया निर्माण की शिकायत पर पक्के निर्माण के रिबाउंड हैमर टेस्ट के लिए नमूने भरे हैं। विकास खंड सिधौली के सराय गांव में बुधवार को निरीक्षण के दौरान सिधौली से भाजपा विधायक मनीष रावत ने गोशाला के निर्माण कार्य में गड़बड़ी को पकड़ा था।
जांच अधिकारी व पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता मिथलेश कुमार वर्मा के निरीक्षण के बाद कार्यदायी संस्था के मजदूरों ने गोशाला में बनी डीपीसी को भी तोड़ना शुरू कर दिया है। सूत्रों की मानें तो केयर टेकर कक्ष की छत को भी ध्वस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। अब तक हुई जांच में फर्श व दीवारों में डस्ट का प्रयोग मिला है। खंड विकास अधिकारी प्रतिभा जायसवाल ने बताया कि तकनीकी टीम मौके पर पहुंच कर गोशाला में अब तक हुए निर्माण कार्य की जांच कर रही है। वहां जो कमियां पाई जाएंगी उसे ठीक कराया जाएगा।
विधायक मनीष रावत ने बताया कि निर्माण स्थल पर किसी भी प्रकार का डिस्प्ले बोर्ड तक नहीं लगाया गया है। कहा कि साइड स्थल पर डिस्प्ले बोर्ड लगाकर इस पर कार्यदायी संस्था व ब्लाक व जिला प्रशासन से जुड़े अफसरों के संपर्क नंबर भी दर्ज करवाए जाए ताकि आम लोग भी किसी भी तरह गड़बड़ी को देख कर इसकी शिकायत दर्ज करा सकें। भाजपा विधायक ने मांग की कि जांच में घटिया निर्माण कार्य के दोषी पाए जाने वालों पर केस भी दर्ज कराया जाए।
सराय गौशाला में शुक्रवार को दो इंजीनियरों ने रिबाउंड हैमर टैस्ट के लिए मशीन से प्लास्टर मसाला सील किया है। हैमर टेस्ट के लिए नमूना दो जगहों पर भेजा जा रहा है। निर्माण कार्य से जुड़े सभी पहलूओं की जांच की जा रही है। रिपोर्ट के बाद दोषियों पर कार्रवाई तय होगी।
मिथलेश कुमार वर्मा, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी