सीतापुर। जिले में लोगों को उमस भरी चिपचिपी गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है। बारिश का इंतजार लंबा होने से हर कोई व्याकुल है। मंगलवार को सुबह से ही सूरज व बादलों के बीच लुका-छिपी का खेल शुरू हो गया। दोपहर बाद कुछ इलाकों में बौछारें पड़ीं। इसके बाद फिर तीखी धूप ने लोगों को पसीना-पसीना कर दिया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मंगलवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। आगे भी बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। अच्छी बारिश के लिए अभी इंतजार करना पड़ सकता है।
मौसम के मिजाज में लगातार उतार-चढ़ाव के बाद भी बारिश नहीं हो रही है। उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल हैं। मंगलवार को दोपहर के समय बाजारों में लोगों की आवाजाही कम रही। जो दिखे वे छाता लगाकर धूप से बचते नजर आए। दोपहर बाद खैराबाद के आसपास हल्की बौछारें पड़ीं, लेकिन कुछ देर बाद ही फिर तेज धूप निकल आई। इससे उमस बढ़ गई। पिछले 24 घंटे में जिले के तापमान की स्थिति देखें तो अधिकतम तापमान में कोई परिवर्तन नहीं हुआ, जबकि न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटों तक आसमान पर बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। कहीं-कहीं बौछारें पड़ सकती हैं।