सीतापुर। गर्मी ने सोमवार को फिर तीखे तेवर दिखाए। चिलचिलाती धूप ने हर किसी को बेहाल कर दिया। तपिश से बचने के लिए लोग तरह-तरह के जतन करते नजर आए। घरों व दफ्तरों के अंदर उमस ने लोगों का सुकून छीन लिया। अधिकतम पारा उछलकर 35 डिग्री पर पहुंच गया।
आलम यह रहा कि पंखे व कूलर के सामने बैठे रहने पर भी शरीर का पसीना नहीं सूख रहा था। दिन में कई बार बादलों ने आवाजाही शुरू की। लेकिन अगले ही पहर तेज हवा बादलों को तितर-बितर कर देती थी। मंगलवार को हल्के बादल छाए रहने के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
सोमवार की सुबह से मौसम साफ रहा। सूर्यदेव ने प्रकोप दिखाना शुरू कर दिया। तेज धूप सुबह नौ बजे से ही चुभने लगी। दोपहर में तपिश से बचने को लोग छाता लेकर और चेहरे को कपड़े से लपेटकर बाहर निकले। राहगीर भीषण गर्मी में पस्त होकर छांव वाली जगहों पर सुस्ताते नजर आए।
उमस ने भी लोगों को खूब सताया। भीषण गर्मी शरीर का पसीना सूखने नहीं दे रही थी। मौसम के तल्ख तेवरों से रविवार के मुकाबले अधिकतम पारे में तीन डिग्री का उछाल दर्ज किया गया।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मंगलवार को बादल छाए रहने के साथ जिले के कई इलाकों में हल्की बारिश के आसार हैं।