कल्ली चौराहा (सीतापुर)। गोंदलामऊ ब्लॉक के कंपोजिट विद्यालय, अमटामऊ में मंगलवार को सरकारी पुस्तकें जला दी गईं। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत बीईओ से की। बीईओ ने मौके पर पहुंचकर प्रधानाध्यापक को फटकार लगाई। प्रधानाध्यापक को नोटिस देते हुए कार्रवाई के लिए बीएसए को रिपोर्ट भेज दी है।
विद्यालय परिसर में मंगलवार को प्रधानाध्यापक चंद्रकांत अवस्थी ने सरकारी पुस्तकें जला दीं। बाउंड्रीवॉल टूटी होने पर जब अभिभावक वहां पहुंचे तो पुस्तकें जल चुकी थीं। केवल राख बची हुई थी। एक दो किताबों के पन्ने भी पड़े हुए थे। ये पुस्तकें किस कक्षा की थीं और किस वर्ष की थी, यह नहीं मालूम हो सका।
अभिभावकों ने इसकी शिकायत बीईओ से की। जानकारी होने पर बीईओ सिमी नागर दोपहर में विद्यालय पहुंचीं। उन्होंने प्रधानाध्यापक को जमकर फटकार लगाई। प्रधानाध्यापक चंद्रकांत अवस्थी ने बताया कि कुछ पुरानी पुस्तक बची गईं थीं। उन्हें ही जलाया गया है। बीईओ सिमी नागर ने बताया कि प्रधानाध्यापक के खिलाफ कार्रवाई के लिए बीएसए को पत्र लिखा गया है।
विद्यालय में मिली अव्यवस्था
विद्यालय में जांच के लिए पहुंची बीईओ यहां अव्यवस्था देख बेहद नाराज हुईं। विद्यालय में तीन साल से रंगाई-पुताई नहीं हुई थी। परिसर में पेड़ों के डाल लटक रही थी। शौचालय खराब मिला। विद्यालय में गंदगी थी। बीईओ ने कहाकि विद्यालय में कई कमियां मिली हैं।