सीतापुर। एसओजी ने कमलापुर व रामकोट पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए बैटरी चुराने वाले गिरोह के छह शातिर चोरों को सोमवार को गिरफ्तार किया था। अब इनके सफेदपोश मददगार भी एसओजी के रडार पर हैं। एसओजी ने आरोपियों ने पूछताछ में कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं। इनके मददगारों के कई संदिग्ध मोबाइल नंबर भी सर्विलांस पर लगाये गये हैं। इस गिरोह के मास्टरमाइंड नरेंद्र और अभिषेक तिवारी उर्फ राका के आपराधिक कृत्यों की पड़ताल भी की जा रही है।
जांच में सामने आया कि इनमें अभिषेक तिवारी उर्फ राका पर अवैध खनन के मामले में भी पूर्व में कमलापुर पुलिस कार्रवाई कर चुकी है। अवैध खनन के मामले में उसकी ट्रालियों को खनन विभाग सीज भी कर चुका है। सूत्रों के अनुसार आरोपियों से अहम साक्ष्य मिले हैं। इनमें नरेंद्र उर्फ नंदा ही गैंग का मास्टरमाइंड है। वहीं, अभिषेक तिवारी उर्फ राका बैटरियों का अच्छा जानकार है। राका ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि मोबाइट टावरों की बैटरी चुराते समय यह ध्यान रखना होता है कि सारी बैटरियां नहीं चुरानी हैं।
एक टॉवर में करीब 24 बैटरियां होती हैं। इनमें से यदि सारी बैटरियां चुरा ली जाएंगी तो शटडाउन हो जाता है और अलार्म बजने लगता है। इसलिए एक या दो बैटरी छोड़ दी जाती हैं। इस गिरफ्तारी से पुलिस ने करीब नौ चोरियों का अनावरण किया है। सभी में इस पैटर्न का ध्यान रखा गया है।