विधानसभा चुनाव की फाइनल मतदाता सूची का प्रकाशन दो जनवरी को होगा। चुनाव आयोग के फरमान पर 15 सितंबर से विधानसभा क्षेत्रवार मतदाता सूचियों को दुरुस्त करने के लिए पुनरीक्षण अभियान चलाया गया था। पंद्रह नवंबर तक चले इस अभियान में आए आवेदनों की जांच पूरी हो गई है। अब दस से पंद्रह दिसंबर तक सत्यापन किया जाएगा।
जांच के बाद वोटर लिस्ट के शुद्धीकरण का प्रमाण पत्र मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को डीएम की ओर से दिया जाएगा। प्रमाण पत्र मिलते ही वोटर लिस्ट की प्रिंटिंग शुरू हो जाएगी।
जनवरी 2016 को जिले में मतदाताओं की संख्या 29,37,020 थी।
15 सितंबर 2016 से शुरू हुए पुनरीक्षण अभियान में 15 नवंबर तक बहुतायत की संख्या में वोटर बनने के लिए आवेदन आए। सभी आवेदनों का निस्तारण पांच दिसंबर तक किया गया। आयोग के निर्देश पर निस्तारित किए आवेदनों की सत्यापन का कार्य किया जाएगा।
निर्वाचन कार्यालय के आंकडों के अनुसार जांच के बाद वोटर लिस्ट में नए नाम जुड़ने को 121069, नाम हटाने के 39218, संशोधन के 14438 व विधानसभा में पता बदलाव के 4882 के आवेदनों का निस्तारण किया गया। अब इनके सत्यापन के बाद मतदाता सूची के प्रिंटिंग का कार्य कराया जाएगा। इसके बाद दो जनवरी 2017 को मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।