महोली (सीतापुर)। पिपरझला गांव के बाहर शुक्रवार देर शाम खेत में बाघ देख किसान शोर मचाते हुए भाग खड़े हुए। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर लाठी-डंडे लेकर पहुंचे लेकिन तब तक बाघ गन्ने के खेत में जा चुका था। ग्रामीणों को ताजा पगचिह्न मिले हैं।
पिपरझला निवासी साकेत व चंदन चाऊबिरवा गांव में शुक्रवार शाम खाद लेने जा रहे थे। इसी दौरान दोनों ने बाघ को विशुन दयाल पांडे के खेत से निकलकर एक दूसरे खेत में घुसते हुए देखा। उनका शोर सुनकर ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे लेकिन बाघ खेतों में गुम हो चुका था।
पिपरझला निवासी कुलदीप बाजपेयी, रवींद्र बाजपेयी, रमेश राठौर ने बताया कि गांव के समीप बाघ की मौजूदगी से बच्चों व जानवरों को खतरा है। ग्रामीणों ने वन विभाग को बाघ देखे जाने की सूचना दे दी है। खबर लिखे जाने तक वन विभाग की टीम नहीं पहुंच सकी थी।