सीतापुर। शहर कोतवाली इलाके में शनिवार की दोपहर उचक्कों ने एक महिला को झांसे में लेकर उससे लाखों के जेवर उतरवा लिए। महिला कुछ समझ पाती, इससे पहले ही उचक्के गायब हो गए। घटना के बाद पीड़िता ने परिवारीजन को बताया। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है।
शहर कोतवाली इलाके के नारायणन सिनेमा हाल के सामने हेमपुरवा निवासी विद्या देवी पत्नी स्व. मन्नीलाल ने बताया कि शनिवार की दोपहर वह अपने एक प्रतिष्ठिान से घर जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में प्लाईवुड के करीब पैदल गुजर रहे दो उचक्के मिले।
उचक्कों ने विद्या देवी से पहले बातचीत की, फिर झांसे में लेकर उनसे सोने के कंगन, दो अंगूठी व चेन उतरवा ली। जब तक विद्या देवी कुछ समझ पाईं, तब तक उचक्के रफूचक्कर हो गए। घटना के बाद पीड़िता ने शोर मचाया। शोर सुनकर लोग पहुंचे, तब तक उचक्के गायब हो गए। घटना को लेकर पीड़िता ने कोतवाली में तहरीर दी है।