सीतापुर। उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने कहा कि अयोध्या मसले पर आने वाला फैसला इतिहास के पन्नों में दर्ज होगा। न्यायालय हमारे लिए भगवान के समान है। न्यायालय जो निर्णय देगा, उसे हम सब मानेंगे। सबको न्यायालय के निर्णय की प्रतीक्षा है। भाजपा का पहले से ही अपना एक एजेंडा तय है।
सर्वानुमति या न्यायालय के निर्णय के आधार पर जो भी निर्णय आएगा, उसका स्वागत होगा। उन्होंने कहा कि अयोध्या मामले में न्यायालय के फैसले के बाद प्रदेश में शांति व्यवस्था कायम रहेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के रहते किसी भी हालत में लॉ एंड आर्डर बिगड़ नहीं सकता है।
जालिमों पर कार्रवाई कर रही है सरकार
सपा नेता आजम खां द्वारा प्रदेश सरकार को जालिम कहने वाले बयान पर डिप्टी सीएम ने कहा कि योगी सरकार पारदर्शी है। जिसके विरुद्ध शिकायत मिलती है, पारदर्शिता से कार्रवाई की जाती है। हमारी सरकार जालिमों पर कार्रवाई कर रही है।
समाजवादी पार्टी द्वारा सौहार्द्र की अपील पर डिप्टी सीएम ने चुटकी लेते हुए कहा कि सौहार्द्र बिगाड़ने वाले इसे बनाए रखने की अपील कर रहे हैं। यह बगुला प्रवृत्ति है।