सिधौली (सीतापुर)। कोतवाली इलाके में बुधवार को अजब गजब मामला सामने आया। पुल में एक शव उतराने की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने नहर से शव समझ उसे बाहर निकाला, लेकिन बाहर निकालते ही पुलिस भी चकरा गई। शव की जगह वो एक पुतला निकला। पुतले को पूरी तरह से शव की शक्ल दी गई थी। इसके बाद पुलिस मौके से चली गई। कोतवाल का कहना है कि किसी शरारती तत्व ने ऐसी खुराफात की होगी।
सिधौली इलाके में महमूदाबाद-सिधौली मार्ग पर टेड़ई खुर्द गांव के पास टेड़ई के पुल के नीचे नहर में बुधवार को कुछ लोगों ने एक शव उतराता देखा। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पाकर सिधौली पुलिस मौके पर पहुंची। बाहर से देखने पर यही लग रहा था कि शव ही है। पुलिस ने जैसे ही उसे बाहर निकाला, पुलिस ने सिर पकड़ लिया। ये शव नहीं था, बल्कि पुतला था, जो दूर से देखने पर एक शव की तरह लग रहा था।
इसके बाद पुलिस उसे वहीं किनारे डालकर मौके से चली गई। मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस का कहना है कि या तो किसी ने खुराफात की है या फिर खेत में लगी फसल को रात जानवरों से बचाने के लिए जो पुतले लगाए जाते हैं, वह हो सकता है। पुतला पूरे कपड़े पहने था और मास्क भी लगाए था। कोतवाल आलोक मणि त्रिपाठी ने बताया कि यह किसी की खुराफात हो सकती है, जांच की जा रही है।