जिला अस्पताल के लिए आरक्षित जमीन। -संवाद
सीतापुर। जिला अस्पताल का नया भवन हाईवे व शहर से जुड़ेगा। इस अस्पताल का एक गेट हाईवे व दूसरा गेट शहर के अंदर खुलेगा। तीन मंजिला भवन को बनाने में 99 करोड़ खर्च किए जाएंगे। पहली किस्त के रूप में चार करोड़ रुपये स्वास्थ्य विभाग को मिल गए हैं। उम्मीद है कि जल्द ही काम शुरू हो जाएगा। स्वास्थ्य विभाग शिलान्यास की तैयारियों में जुटा हुआ है।
जिला अस्पताल का नया भवन सिविल लाइन इलाके में बनेगा। जिला प्रशासन ने यहां 13 बीघा जमीन कब्जामुक्त कराते हुए स्वास्थ्य विभाग को हैंडओवर कर दी है। अब निर्माण कार्य शुरू करने की कवायद प्रारंभ हो गई है।
अस्पताल के नये भवन के निर्माण पर 99 करोड़ खर्च किए जाएंगे। पहली किस्त के रूप में चार करोड़ की राशि आवंटित की गई है। 200 शय्या वाले जिला अस्पताल में शानदार सुविधाएं मिलेंगी। इस अस्पताल में शहर के अंदर व बाहर से आसानी से पहुंचा जा सकेगा।
अस्पताल का एक गेट शहर के अंदर से बनाया जाएगा। दूसरा गेट सीतापुर-बरेली बाईपास की तरफ खुलेगा। इससे अगर शहर में जाम की समस्या होगी तो शहर के बाहर से आसानी से प्रवेश किया जा सकेगा। अगर मरीज ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर किए जाएंगे तो वे बाईपास होते हुए सीधे निकल जाएंगे। हालांकि अभी शिलान्यास की तिथि निर्धारित नहीं हुई है लेकिन बजट मिलने के बाद तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
133 साल पुराने भवन में चल रहा है अस्पताल
जिला अस्पताल इस समय अंग्रेजों के जमाने के बने भवन में संचालित हो रहा है। यह भवन 133 साल पुराना हो चुका है। बरसात के समय छतों से पानी टपकता है। जगह की कमी के चलते बेड की किल्लत हर समय बनी रहती है। एक बेड पर दो-दो मरीजों को भर्ती करके इलाज किया जाता है। इससे मरीजों को काफी अधिक दिक्कत होती है।
तीन मंजिला होगा अस्पताल
जिला अस्पताल परिसर का नया भवन तीन मंजिला होगा। पहली मंजिल पर ओपीडी व जांच की सुविधाएं रहेंगी। दूसरी मंजिल पर महिलाओं व पुरुषों को भर्ती करने के लिए वार्ड होंगे। तीसरी मंजिल पर ऑपरेशन की सुविधा रहेगी। इसके अलावा परिसर में पार्किंग की सुविधा भी रहेगी।
मिल गई है पहली किस्त
जिला अस्पताल के नये भवन के लिए पहली किस्त मिल गई है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू करवाने का प्रयास किया जा रहा है।
-डॉ. सुरेश कुमार, सीएमओ