मॉडल विद्यालय जजौर में बच्चों के बनाए मॉडल को देखती यूनीसेफ की टीम। फोटो- स्त्रोत संवाद
सिधौली। क्षेत्र के जजौर गांव स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज में बृहस्पतिवार को जीईए व यूनिसेफ के अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल ने भ्रमण कर शैक्षिक नवाचारों व विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए संचालित गतिविधियों का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने विद्यालय की आधारभूत सुविधाओं और शिक्षण व्यवस्था का जायजा लिया।
जीईए प्रतिनिधिमंडल में डॉ. नादीन स्टर्ली, सुवनीत जैन और धारा पारेख शामिल रहीं। वहीं यूनिसेफ की ओर से अन्निका लाइनबाख, जकारी एडम, ऋत्विक पात्रा, त्रिप्त कौर, राधिका श्रीवास्तव और प्रमिला मनोहरन मौजूद रहीं। प्रतिनिधिमंडल ने विद्यालय में संचालित अटल टिंकरिंग लैब, विद्यालय की गतिविधियों, कॅरिअर हब, पुस्तकालय, विज्ञान प्रयोगशालाओं और स्मार्ट क्लास का अवलोकन किया।
प्रधानाचार्य नरेंद्र प्रसाद तिवारी ने टीम को विद्यालय की शैक्षिक उपलब्धियों और नवाचारों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कॅरिअर हब के माध्यम से विद्यार्थियों को विभिन्न व्यावसायिक क्षेत्रों, शैक्षिक संस्थानों और छात्रवृत्ति योजनाओं के प्रति जागरूक किया जा रहा है। कॅरिअर कार्ड, पंख डायरी, तमन्ना टेस्ट, कॅरिअर प्रश्न पेटिका, समूह चर्चा और क्विज जैसी गतिविधियों से विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता पहचानने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षकों और विद्यार्थियों से संवाद कर गतिविधियों की जानकारी ली। साथ ही संसाधनों के बेहतर उपयोग और शैक्षिक गतिविधियों को प्रभावी बनाने के लिए शिक्षकों को महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।