मिश्रिख कोतवाली इलाके में ट्यूबवेल के कुएं से ईंट खोदने का काम करने गए तीन मजदूर मिट्टी ढहने से मलबे में दब गए। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो को किसी तरह सुरक्षित निकाल लिया गया। घटना को लेकर कोतवाली में सूचना दे दी गई है।
कोतवाली इलाके के फूलपुर झरिया के पास स्थित झाला निवासी सरदार श्याम सिंह के फार्म में ट्यूबवेल का कुआं बना था। कुएं से ईंट निकालने के लिए उसने क्षेत्र के जमुनापुर निवासी राजेंद्र कुमार (45) व उसके भाई गुड्डू तथा गांव के ही कमलेश को मजदूरी पर बुलाया था।
बताते हैं कि ये लोग शनिवार शाम ट्यूबवेल से ईंट निकाल रहे थे। करीब पंद्रह फुट गहराई तक इन लोगों ने ईंट निकाल लिया था और आगे भी काम करने में जुटे थे। गुड्डू के मुताबिक ईंट निकालते समय ही ऊपर से मिट्टी चारों तरफ से ढहकर कुएं में गिर भर गई, जिससे तीनों बुरी तरह फंस गए।
वहीं राजेंद्र तलहटी में जाकर मिट्टी में बुरी तरह दब गया। शोर सुनकर ग्रामीणों ने गुड्डू व कमलेश को किसी तरह निकाल लिया लेकिन राजेंद्र का पता नहीं चला। थोड़ी ही देर में वहां काफी ग्रामीण जमा हो गए। आननफानन मिट्टी हटाने का काम शुरू हुआ।
करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद लोग मिट्टी हटाकर राजेंद्र को बाहर निकाल सके लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इंस्पेक्टर केके मिश्रा का कहना है कि घटना एक हादसा है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।