खैराबाद। विकासखंड खैराबाद की ग्राम पंचायत दारानगर में डेडलाइन खत्म होने के बावजूद हर घर जल योजना का काम बीच में अटका है। ग्राम पंचायत में कार्यदायी संस्था एलएंडटी लिमिटेड को वित्तीय वर्ष 2023-24 में दारानगर पाइपलाइन योजना के नाम से 4.02 करोड़ रुपये की लागत का काम कराना था। मौके पर लगे बोर्ड के मुताबिक यह कार्य 22 मार्च 2023 से लेकर 21 सितंबर 2024 तक पूरा होना था। मौके पर बोरिंग तो कराई गई है लेकिन इसकी बाउंड्रीवॉल अभी अधूरी है। सोलर पैनल आधे अधूरे लगे हैं। गांव में भी पाइपलाइन बिछाने का काम बीच में अटका है। पाइपलाइन से किसी भी घर को कनेक्शन तक नहीं दिया गया है। ग्रामीणों ने बताया कि अभी तक किसी के घर में हर घर जल योजना के तहत स्वच्छ पेयजल नहीं पहुंचा है। इस काम से दो राजस्व गांव व मजरों दारानगर व गद्दीपुर को लाभ मिलना है। इसकी जनसंख्या करीब 7150 है।
सर्वे के अनुसार कनेक्शन लेने वालों की संख्या 975 है। कार्य में पाइपलाइन बिछाने की लंबाई लगभग 13 किलोमीटर है। अभी तक न तो टंकी बनी है और न ही बाउंड्री वाल का काम हुआ है। ट्यूबवेल भी अभी तक खुला पड़ा है। उसका भी कमरा नहीं बन सका है। गांव निवासी गंगे ने बताया कि यहां पर थोड़ा कार्य होता है उसके बाद बंद कर दिया जाता है। ग्रामीण नवल किशोर ,हरिनाम सिंह यादव, गंगे ,रजत ,सोबरन आदि ने कार्यदायी संस्था और प्रशासन से जल्द से जल्दी पूरा कराने की मांग की है।