हरगांव। अवध शुगर एंड एनर्जी लिमिटेड में पेराई सत्र की तैयारियां तेज हो गई हैं। शनिवार को शुभ मुहूर्त में विधि विधान से बॉयलर पूजन किया गया। सुबह करीब 8:15 बजे बिड़ला मंदिर के पुजारी पंडित जगदीश चंद्र जोशी और पंडित शत्रुंजय बाजपेई ने हवन पूजन कराया। मंत्रोच्चारण के बीच बॉयलर में अग्नि प्रज्वलित की गई। इसके साथ ही मिल में नए पेराई सत्र की औपचारिक तैयारियों की शुरुआत हो गई। सीनियर मैनेजर नितेश अग्रवाल ने बॉयलर पूजन किया। उन्होंने बताया कि प्रबंधन की ओर से इस वर्ष 15 अक्तूबर से पेराई सत्र शुरू करने की तैयारी है।
इस दौरान मिल की सुख समृद्धि और पेराई सत्र के सफल संचालन के लिए प्रार्थना की गई। महाप्रबंधक इंजीनियरिंग महेश भट्ट ने बताया कि बॉयलर में अग्नि प्रज्वलित होने के बाद इसे मिल संचालन शुरू होने तक धीरे धीरे गर्म किया जाएगा। इससे पेराई शुरू होने से पहले बॉयलर को निर्धारित तापमान और तकनीकी स्थिति में तैयार किया जा सकेगा। पेराई सत्र को लेकर मिल परिसर में मशीनरी, तकनीकी व्यवस्थाओं और अन्य आवश्यक कार्यों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि निर्धारित समय से पहले सभी तैयारियां पूरी करा ली जाएंगी ताकि गन्ना पेराई का कार्य सुचारु रूप से शुरू हो सके। बॉयलर पूजन के अवसर पर सीओओ आगा आसिफ बेग, अधिशासी अध्यक्ष ए के दीक्षित, अधिशासी उपाध्यक्ष विवेक तिवारी, गन्ना महाप्रबंधक केपी सिंह, समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।