सिविल लाइंस स्थित सजा मैथोडिस्ट चर्च।
- फोटो : सिविल लाइंस स्थित सजा मैथोडिस्ट चर्च।
सीतापुर। जिले में क्रिसमस की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। क्रिसमस को लेकर ईसाई समाज के लोगों में खासा उत्साह है। शहर के गिरजाघर रोशनी से जगमगा रहे हैं। क्रिसमस ट्री के साथ ही प्रभु यीशु की झांकी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। क्रिसमस पर्व को लेकर हर तरफ खुशनुमा माहौल है।
प्रभु यीशु के जन्मदिन (25 दिसंबर) को क्रिसमस-डे के रूप में मनाया जाता है। क्रिसमस को धूमधाम से मनाने के लिए ईसाई समाज के लोग कई दिनों से तैयारियों में जुटे हुए थे। बुधवार को बाजारों में लोग खरीदारी में जुटे रहे। बच्चे सेंटा क्लाज की ड्रेस खरीद रहे थे तो कहीं क्रिसमस ट्री और सजावट की सामग्री की बिक्री हो रही थी। शहर के सिविल लाइंस स्थित गिरजाघर को शानदार लाइटिंग से सजाया गया है। बुधवार शाम गिरजाघरों में कैरोल सिंगिंग की गई। बृहस्पतिवार सुबह गिरजाघरों में प्रभु यीशु के धरती पर आगमन को लेकर विशेष प्रार्थना सभाएं होगी। केक काटा जाएगा। सेंटा क्लाज एक दूसरे को उपहार बांटेंगे। सिविल लाइंस के गिरजाघर में क्रिसमस पर मेले का आयोजन भी होगा।