सीतापुर(सकरन)। कस्बा निवासी बालक की गला दबाकर हत्या की गई थी। यह खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ है। इसके आधार पर पुलिस ने इस मामले में हत्या का केस दर्ज कर कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
कस्बा सकरन में बिसवां मार्ग पर स्थित रामजीवन चौहान के घर के भीतर मंगलवार सुबह करीब 11 बजे उनके पुत्र अमित (10) का शव दुपट्टे से बने फंदे से लटकता मिला था। रामजीवन व उसका परिवार अमेठी के गौरीगंज में मजदूरी करने गए थे। घर पर केवल मृतक व उसकी 6 वर्षीय बहन सोनी ही थी। अमित मंगलवार सुबह पड़ोस में रहने वाले दोस्त राजा के साथ बाग में आम खाने गया था। उसकी बहन सोनी राजा के घर पर थी। राजा ने ही सोनी को फांसी की सूचना दी थी।
थानाध्यक्ष नवनीत मिश्र ने बताया कि बुधवार को डॉक्टरों के पैनल द्वारा किए गए पोस्टमार्टम में अमित की मौत गला दबाने से होने की पुष्टि हुई। इसकी जानकारी के बाद बृहस्पतिवार को दोपहर में एएसपी उत्तरी आलोक सिंह, सीओ बिसवां दिनेश कुमार शुक्ल जानकारी पाते ही घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने जांच करते हुए मौजूद लोगों के बयान दर्ज करने के साथ ही कई संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में भी लिया है।