सीतापुर। राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत केंद्रीय टीम एक दिसंबर को जनपद भ्रमण पर आएगी। यह टीम टीबी मरीजों से बातचीत करेगी। साथ ही उनको मिलने वाली सुविधाओं को परखेगी। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
जिले में इस समय 10,636 टीबी मरीज चिह्नित किए गए है। इन मरीजों को स्वास्थ्य विभाग की तरफ से निशुल्क इलाज दिया जा रहा है। साथ ही इनको प्रति माह 500 रुपये मासिक मदद भी दी जा रही है। वहीं 3765 मरीजों को विभिन्न संस्थाएं गोद ले चुकी हैं। इससे इन मरीजों को पौष्टिक आहार दिया जा रहा है।
अब केंद्र सरकार की तरफ से टीम एक दिसंबर को जनपद भ्रमण पर आएगी। यह टीम टीबी मरीजों से बातचीत करेगी। साथ ही इनकी जांच की सुविधा परखेगी। गोद लिए मरीजों से पूछताछ कर उनको समय से मिलने वाली दवाओं की जानकारी परखेगी। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेंद्र शाही ने बताया कि पांच सदस्यीय टीम आ रही है। इसको लेकर तैयारियां की जा रही हैं। यह टीम सीएचसी सहित अन्य केंद्रों पर जाएगी।