हरगांव (सीतापुर)। कार्तिक पूर्णिमा मेला मैदान में आयोजित अखिल भारतीय दंगल प्रतियोगिता में गुरुवार को छह मुकाबले हुए। मस्ताना, सनी व गब्बर सिंह पहलवान ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को पटखनी देकर मैदान मार लिया। दो मुकाबले बराबरी पर रहे। पहलवानों के दांवपेच देख दर्शक रोमांचित नजर आए।
पहली कुश्ती कानपुर के मस्ताना पहलवान और हरियाणा के मुन्ना पहलवान के बीच हुई, जिसमें मस्ताना पहलवान ने मुन्ना को चित करते हुए जीत हासिल की। दूसरी कुश्ती कानपुर के शेरा पहलवान व अयोध्या के बजरंगी पहलवान में हुई। इसमें बजरंगी पहलवान विजयी रहे। तीसरी कुश्ती में पंजाब के भवानी पहलवान को नेपाल के सनी पहलवान ने पटखनी देकर मैदान मार लिया।
जलालीपुर के शफीक पहलवान और गोलू के बीच चौथा मुकाबला बराबरी पर रहा। पांचवीं कुश्ती में राजस्थान के गब्बर सिंह ने अयोध्या के बजरंगी पहलवान को धूल चटाकर मैदान मार लिया। छठा मुकाबला कलियर शरीफ के मोनिष पहलवान और राजस्थान के गब्बर पहलवान के बीच हुआ।
काफी देर तक दोनों पहलवान एक-दूसरे को पटखनी देने की कोशिश करते रहे, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। आखिर में यह मुकाबला बराबरी पर छूटा। इस अवसर पर चेयरमैन गफ्फार खान, चंद्रशेखर, कौशल, विकास, पवन सिंह, संजय कुमार जायसवाल आदि मौजूद थे।