जीआईसी से पीईटी की परीक्षा देने के बाद लौटते परीक्षार्थी। (संवाद)
- फोटो : SITAPUR
सीतापुर। पीईटी मंगलवार को जिले के 56 केंद्रों पर हुई। इस दौरान 6267 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। दूरदराज से आए विद्यार्थियों को स्कूल तक पहुंचने के लिए काफी दुश्वारियां झेलनी पड़ी। कहीं पर आटो मिलने की दिक्कत हुई तो कहीं बरसात की वजह से जाम लग गया। इससे विद्यार्थी समय से पहुंचने के लिए काफी परेशान दिखे।
पीईटी को लेकर शहर सहित आस पड़ोस के कॉलेजों को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। परीक्षा दो पालियों में हुई। पहली पाली के विद्यार्थियों को कॉलेज तक पहुंचने के लिए काफी दिक्कतें झेलनी पड़ी। सीतापुर, लखनऊ, हरदोई व लखीमपुर जनपद से आए विद्यार्थी पहले तो कॉलेज तक पहुंचने के लिए लोगों से रास्ता पूछते रहे। इस दौरान पुलिस लाइन के पास लंबा जाम लग गया।
बारिश होने से विद्यार्थियों के सामने समय से स्कूल पहुंचने का संकट खड़ा हो गया। ऐसे में विद्यार्थी पैदल या ऑटो रिक्शा से केंद्र पहुंचे। पहली पाली में 21177 विद्यार्थी पंजीकृत थे, जिसमें 17909 ने परीक्षा दी। जबकि 3268 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में 21156 विद्यार्थी पंजीकृत थे, जिसमें 18157 ने परीक्षा दी। जबकि 2999 गैरहाजिर रहे।
जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज ने कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करके परीक्षा की हकीकत देखी। डीआईओएस देवी सहाय तिवारी ने बताया कि शांतिपूर्ण तरीके से परीक्षा संपन्न हो गई है।