सिधौली (सीतापुर)। इलाके की मुजफ्फरपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास सोमवार को दबंगों ने मामूली विवाद में दबंगों ने डीसीएम चालक को पीट दिया। पीड़ित की बहन बीचबचाव करने पहुंची तो आरोपियों ने उसकी आंख में फेवीक्विक डाली दिया। पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अटरिया के उमरा गांव निवासी सोनू के अनुसार वह सोमवार शाम अपने डीसीएम से परिवार के साथ गांव जा रहे थे। मुजफ्फरपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास संपर्क मार्ग पर एक कार खड़ी थी। इससे रास्ता अवरुद्ध हो रहा था। उन्होंने कार सवारों से गाड़ी हटाकर रास्ता देने के लिए कहा तो दबंगों ने उनकी पिटाई शुरू कर दी। इसमें एक युवक अपना नाम देवा बता रहा था। इस दौरान उनकी बहन मोनी डीसीएम से उतर कर बीचबचाव करने पहुंची तो देवा ने मोनी की आंख में फेवीक्विक डाल दिया। इससे उसकी आंख चिपक गई और तेज जलन होने लगी। उन्होंने मोनी को इलाज के लिए हिंद अस्पताल में भर्ती कराया है। इंस्पेक्टर बलवंत शाही ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।