सीतापुर। शहर कोतवाली निवासी आबकारी निरीक्षक का बुधवार को गोपाल घाट में अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनके बेटे अयान ने मुखाग्नि दी। इस बीच बड़ी संख्या में परिजन और उनके साथी मौजूद रहे।
विज्ञापन
शहर के मोहल्ला शिवपुरी निवासी आलोक कुमार श्रीवास्तव का शव उनकी कार में मंगलवार को वैदेही वाटिका के पास पाया गया था। सिर में गोली लगने से उनकी मौत हो गई थी। वह बांदा जिले में तैनात थे। उनकी पत्नी अमृता श्रीवास्तव भी बांदा में सहायक आबकारी आयुक्त हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों का प्रेम विवाह हुआ था। घटना के बाद देर रात करीब एक बजे शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी के बीच किया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सिर में ही गोली फंसी हुई थी। सुबह करीब 11 बजे उनका शव गोपालघाट स्थित श्मशान घाट ले जाया गया, जहां बेटे ने उनका अंतिम संस्कार किया। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।