हरगांव (सीतापुर)। इलाके के नौनेर गांव में सोमवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध अवस्था में पेड़ के सहारे फंदे से लटकता मिला। परिजनों ने युवक की प्रेमिका के घरवालों पर हत्या का आरोप लगाया है। सूचना पर फोरेंसिक व पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच की है।
मृतक की पहचान हरगांव के कैंथाभारी रामजीवन (22) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि रामजीवन पिछले तीन दिनों से घर से लापता था, जिसकी तलाश की जा रही थी। मृतक के भाई जीतू ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि रामजीवन का नौनेर गांव की एक युवती से प्रेम प्रसंग था। जीतू के अनुसार युवती के परिजनों ने ही रामजीवन की हत्या कर उसके शव को पेड़ से लटका दिया है। थानाध्यक्ष बलवंत शाही ने बताया कि तहरीर मिली है, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।