महमूदाबाद। लखनऊ मार्ग स्थित रेलवे स्टेशन के निकट झाड़ियों में बृहस्पतिवार रात एक युवक का शव पड़ा मिला। शुक्रवार सुबह उसकी पहचान बाराबंकी निवासी किराना व्यापारी के रूप में हुई, जो घर से सामान खरीदने निकले थे। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाने के साथ ही परिजनों के बयान दर्ज किए।
बाराबंकी के बड्डूपुर निवासी सूरज वर्मा (32) का शव बृहस्पतिवार रात झाड़ियों में मिला। शुक्रवार सुबह कोतवाली पहुंचे परिजनों ने पहचान करते हुए बताया कि सूरज किराना स्टोर चलाते थे। बृहस्पतिवार को वह बस से सामान खरीदने के लिए महमूदाबाद आए थे। इसके बाद वह वापस घर नहीं पहुंचे तो उनकी तलाश की जा रही थी।
परिजनों ने फिलहाल किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। इंस्पेक्टर भानू ने बताया कि शरीर पर चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
10 साल पहले हुआ था विवाह : सूरज का विवाह करीब 10 वर्ष पूर्व हुआ था। उनके एक पुत्र व एक पुत्री है। परिजनों के अनुसार वह कभी-कभी कई दिनों तक घर से बाहर रहते थे। बृहस्पतिवार रात सूरज बस स्टेशन से रेलवे स्टेशन तक किस हालत में पहुंचे, इसकी जांच पुलिस कर रही है। कई स्थानों के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगालने की कवायद भी जारी है।