सीतापुर। हर साल देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को 84 कोसीय परिक्रमा मार्ग पर काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इस परेशानी से छुटकारा दिलवाने के लिए अब नए सिरे से पूरे परिक्रमा मार्ग का विकास होगा। यह जानकारी जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर ने दी। वह शिविर कार्यालय में पर्यटन विभाग के साथ स्वदेश दर्शन योजना 2.0 के कार्यों की समीक्षा कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि 84 कोसीय परिक्रमा मार्ग में पड़ने वाले सभी पड़ावों पर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कार्य योजना में बदलाव लाने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी स्थलीय निरीक्षण कर समस्त पड़ावों पर नियमानुसार कार्ययोजना प्रस्तावित करें। उन्होंने स्वदेश दर्शन योजना के अन्तर्गत कार्यदायी संस्था द्वारा प्रस्तुत प्रोजेक्ट प्रेजेंटेशन को भी देखा। डीएम ने कहा कि प्रस्तावित कार्यों की उपयोगिता के आधार पर जरूरी संशोधनों के साथ नई संशोधित कार्य योजना को शीघ्र प्रस्तुत किया जाए।
उन्होंने कहा कि संचालित कार्यों को पूर्ण गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराया जाए। बैठक में एडीएम नीतीश कुमार सिंह, परियोजना प्रबंधक इरफान सिद्दीकी, पर्यटन सूचना अधिकारी संजय भंडारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।