सकरन (सीतापुर)। खेत गई एक किशोरी के साथ गांव के ही एक युवक ने दुष्कर्म किया। मामले की जानकारी पर परिवारीजनों ने पुलिस से शिकायत की। इस पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है। पीड़िता को चिकित्सीय परीक्षण के लिए जिला महिला अस्पताल भेजा गया है। घटना की जानकारी पर एएसपी व सीओ ने भी मौके का जायजा लिया। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनात किया गया है।
पुलिस के मुताबिक सकरन थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक 14 वर्षीय किशोरी बुधवार की शाम खेत को गई थी। आरोप है कि वहां मिले गांव के निवासी खलील ने उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने किसी से बताने पर पीड़िता को धमकाते हुए जान से मारने की धमकी दी। दरिंदे के चंगुल से छूटकर घर आयी पीड़िता ने परिवारीजनों से सारी बात बतायी। इसके बाद परिवारीजनों ने थाने पहुंचकर तहरीर दी जिस पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के चलते गुरुवार सुबह एएसपी उत्तरी राजीव दीक्षित व सीओ बिसवां पीयूष कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला महिला चिकित्सालय भेजा है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेजा गया है। इस घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।