सीतापुर। कड़क धूप से सोमवार को धरती धधक उठी। भीषण गर्मी से दिन भर लोग पसीना बहाते रहे। अधिकतम तापमान 41 डिग्री, जबकि न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार की तुलना में तापमान एक-एक डिग्री बढ़ा है।
दोपहर के समय चिलचिलाती धूप व लू के थपेड़ाें ने घर से निकलना मुश्किल कर दिया। शहर के प्रमुख चौराहों, सड़कों व बाजार में सन्नाटा पसरा रहा। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक फिलहाल राहत मिलने का आसार नहीं हैं।
जिले में सोमवार को सुबह से ही तेज धूप झुलसाने लगी। 10 बजे के बाद घर से निकलना मुश्किल हो गया। दोपहर में सड़कों पर लोगों की आवाजाही बेहद कम रही, जिससे शहर में सन्नाटा नजर आया। घरों में हालात ये रहे कि पंखे और कूलर के सामने बैठे रहने के बाद भी लोग पसीना पोछते रहे।
कपड़ा विक्रेता राकेश ने बताया कि प्रचंड गर्मी के कारण ग्राहकों की संख्या घट गई है। दिन में ग्राहक निकलते नहीं हैं। गृहिणी प्रिया ने बताया के सूरज ढलने के बाद भी उमस कम नहीं हुआ। इस सीजन में पहली बार ऐसी गर्मी पड़ रही कि कूलर चलाने पर भी राहत नहीं मिल रही।
वहीं, मौसम विशेषज्ञों के अनुसार गर्मी का कहर अभी जारी रहेगा। अगले तीन दिनों तक लू चलने की चेतावनी प्रशासन की ओर से जारी की गई है। ऐसे में लोगों को धूप व लू से बचने व दोपहर में जरूरी न होने पर बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।