लहरपुर (सीतापुर)। नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न मतदान केंद्रों पर लगाए गए मतदाता शिविर में अधिकतर स्थानों पर मतदाता दिखाई नहीं दिए। 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को मतदाता बनाने या सूची में सुधार करने, नाम जोड़ने या घटाने के लिए लगाए गए रविवार को विशेष शिविर लगाए गए। इनमें कहीं मतदाता तो कहीं बीएलओ नदारद मिले।
तहसीलदार मदन मोहन वर्मा ने क्षेत्र के विभिन्न मतदान स्थलों का निरीक्षण कर मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए बीएलओ को 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को मतदाता बनाने के निर्देश दिए। इस मौके पर उन्होंने प्राथमिक विद्यालय कटेसर पोलिंग बूथ का निरीक्षण किया, जहां मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम में लगे बीएलओ के कार्य की समीक्षा की।
नगर के मोहल्ला बहलोलपुर स्थित मदरसा अनवारुल कुरान, मोहल्ला मीरा टोला व बहलोलपुर के शिविर में पालिका द्वारा बनाए गए बीएलओ हाजी मुशीर व पारो उपस्थित थे। मीरा टोला सभासद वसीम अंसारी ने बताया कि मौके पर तीन बीएलओ मौजूद नहीं है। नगर पालिका में लगे शिविर में बीएलओ गुड्डी देवी, शुशीला देवी,आदिल हसन, रामू मौजूद मिले।