ग्राम गुलरहिया निवासी परशुराम का पुत्र सुशील (14) गुरुवार को गांव के अन्य बच्चों के साथ खेलते हुए गांव के बाहर तालाब की तरफ चला गया था। वहां गांव के बच्चे तालाब में नहाने लगे। इसी बीच सुशील तालाब के गहरे पानी में पहुंच गया और डूब गया। उसके साथ गए अन्य बच्चों ने भागकर उसके परिवारीजनों को पूरी बात गई।
परिवारीजन मौके पर पहुंचे और करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उसे तालाब से बाहर निकाला जा सका लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिवार के सदस्यों ने हत्या का संदेह जताया है। सुशील के पिता ने पुलिस को बताया कि सुशील के चेहरे पर जख्म था, इससे प्रतीत हो रहा है कि उसके साथ नहाने गए बच्चों ने ही उसकी जमकर पिटाई की और पानी में डूबोकर मार डाला।
घटना के संबंध में पिता ने गांव के ही मोनू, करन, राजपाल व मनीष के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराने के लिए थाने मेें तहरीर दी है। उधर, ग्रामीणों का कहना है कि जिन बच्चों पर आरोप लगाया जा रहा है, वे भी 14 वर्ष से कम उम्र के हैं। बच्चे तालाब में नहा रहे थे, सुशील गहराई में पहुंच गया, तैराना न आने की वजह से वह डूब गया।
थानाध्यक्ष चंद्रभान यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया सुशील की मौत पानी में डूबने की वजह से होना लग रही है। फिर भी घटना के हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।