महमूदाबाद (सीतापुर)। याकूबपुर गांव निवासी एक किशोर दोस्तों के साथ घर से लखनऊ स्थित पार्क में घूमने जाने की बात कहकर चला गया। इसके बाद संदिग्ध हालात में लापता हो गया। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। तहरीर पर पुलिस अपहरण का मामला दर्ज कर किशोर की तलाश कर रही है।
याकूबपुर गांव निवासी लवकुश वर्मा का पुत्र आकाश वर्मा (16) ने 28 मार्च को घर में बताया कि वह दोस्तों के साथ लखनऊ हाथी पार्क घूमने जा रहा है। उन दोस्तों के बारे में परिजनों को कुछ भी पता नहीं है। 29 मार्च को परिजनों ने आकाश से संपर्क किया तो उसने लखनऊ में होने की बात बताई। साथ ही 30 मार्च को घर आने की बात बताई। 30 मार्च को परिजनों ने संपर्क किया लेकिन उसका फोन नहीं उठा। परिजन लगातार संपर्क करते रहे लेकिन आकाश का फोन बंद हो गया। इसी बीच 2 अप्रैल को भाई प्रिंस ने वॉट्सएप पर संदेश किया तो जवाब मिला कि वह जैसलमेर में किसी फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में व्यस्त है। दो अप्रैल को परिजनों की आकाश से आखिरी बार बात हुई। उसके बाद से उसका नंबर लगातार पहुंच से बाहर और बंद बताने लगा। परेशान पिता ने पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने अपहरण की प्राथमिकी दर्ज करते हुए किशोर की तलाश शुरू कर दी। कोतवाल अनिल सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की है। किशोर की तलाश की जा रही है।
1500 रुपये लेकर घर से गया था आकाश
आकाश घर से 1500 रुपये लेकर निकला था। परिजनों के अनुसार 28 मार्च को आकाश ने 1500 रुपये मांगे। इसमें 200 रुपये से नए जूते लेकर आया और उसके बाद वह लखनऊ चला गया। वह घर से अकेला ही निकला था। पिता के मुताबिक जाने से पहले वह फोन पर किसी से बात कर रहा था।
मां परेशान, तलाश में जुटे परिजन
आकाश के एक सप्ताह से अधिक समय से घर नहीं आने से मां सुशीला बेहद परेशान हैं। उनका बेटा किस हालत में है ये भी नहीं पता है। भाई प्रिंस लगातार वॉट्सएप संदेश व फोन से संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं। पिता लवकुश वर्मा किसान हैं। आकाश महमूदाबाद के एक निजी विद्यालय में कक्षा दस का छात्र था। अभी बोर्ड परीक्षा समाप्त करके वह मुक्त हुआ था।
मैं कमाने निकला हूं...1 जून को आऊंगा
आकाश के मोबाइल से व्हाट्सएप पर जो आखिरी संदेश घर वालों को आया है। उसमें लिखा है कि मैं कमाने निकला लूं...1 जून को आऊंगा। हालांकि परिजनों को अपने बेटे के साथ अनहोनी की आशंका है। पुलिस टीम किशोर की तलाश में जुटी है।