थानगांव थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात घर में लगी आग में झुलसकर एक किशोरी की मौत हो गई। वह लपटों के बीच घर से सामान निकालते समय बुरी तरह फंस गई थी। परिवार वाले उसे गंभीर हालत में लेकर जिला अस्पताल भागे पर उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
थाना क्षेत्र के लोधनपुरवा निवासी भल्लू व उसका परिवार शुक्रवार रात कमरे में सो रहा था। कमरे के बाहर ही भल्लू ने छप्पर डालकर रसोई बना रखी है। रसोई में रात करीब दस बजे जलता हुआ चिराग अचानक गिर गया। तेल फैलते ही वहां आग भड़क उठी। यह देखते ही भल्लू परिवार समेत शोर मचाते हुए घर के बाहर भाग आया।
इसी बीच उसकी बेटी सोनी उर्फ जुगरी (15) सामान बचाने का प्रयास करने लगी। वह जलते हुए छप्पर के नीचे से होकर कमरे में घुस गई। इसी बीच जलता हुआ छप्पर दरवाजे पर गिर गया। जिससे किशोरी कमरे में फंस गई।
परिवार की पुकार पर पहुंचे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया लेकिन तब तक सोनी बुरी तरह से झुलस चुकी थी। वहीं घर में रखा अनाज, कपड़े, जेवर, रुपये, बर्तन आदि सामान जलकर राख हो चुका था।
परिवार के सदस्यों ने उसे आननफानन रेउसा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया लेकिन यहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय सोनी ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इधर, सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार एनके सक्सेना व कानूनगो हरीश वर्मा मौके पर पहुंचे। जांच के बाद अपनी रिपोर्ट प्रशासन को भेजी है।