रामकोट। ननसोहा गांव में शनिवार को एक किशोर नहर में नहाते समय गहरे पानी में डूब गया। दोस्तों की चीख पुकार सुनकर मौके पर आए ग्रामीणों ने किशोर को बाहर निकाला। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने देर शाम अंतिम संस्कार कर दिया। परिजनों ने किशोर के दोस्तों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए जांच की मांग करते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
निर्मल (17) गांव के ही तीन दोस्तों के साथ नहर में नहाने गया था। परिजनों के मुताबिक नहर में सभी नहाते हुए खेल रहे थे। इस दौरान निर्मल अचानक गहरे पानी में चल गया। कुछ देर तक जब वह बाहर नहीं निकला तो दोस्तों ने खोजना शुरू किया। इसके बाद शोर मचाया तो गांव के तमाम लोग नहर के पास पहुंच गए। निर्मल को नहर से निकालकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष पीयूष सिंह ने बताया कि परिजनों ने दोस्तों की भूमिका की जांच कराने की बात कही है।