महोली। महोली के ब्रह्मावली गांव निवासी प्रशांत मिश्रा (26) का शव बृहस्पतिवार को पड़ोसी गांव बढ़ैया में पेड़ पर बने फंदे के सहारे लटकता मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। घटनास्थल के पास ही उनकी बाइक भी खड़ी मिली। बाइक की डिग्गी फटी हुई थी और उसमें कुछ कागजात रखे थे। परिजनों के अनुसार प्रशांत लखीमपुर खीरी के मैगलगंज स्थित एक निजी विद्यालय में शिक्षक थे। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर खून के निशान मिलने के साथ ही हाथ पर चोट का निशान था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बृहस्पतिवार सुबह वह बाइक से स्कूल गए थे।
देर शाम तक घर नहीं लौटे। शाम को खेतों की ओर गए ग्रामीणों ने बढ़ैया गांव निवासी कमला देवी के खेत में लगे पेड़ से मफलर के सहारे प्रशांत का शव लटकता देखा। शव से करीब 50 मीटर दूर नहर माइनर के पास उनकी बाइक खड़ी मिली। परिजनों ने शव की स्थिति देखकर हत्या की आशंका जताई। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों के बयान दर्ज किए। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल की जांच की। निरीक्षक धीरज शुक्ला ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सीओ नागेंद्र दुबे ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल परिजनों की तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है।
घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के अनुसार प्रशांत तीन भाई-बहनों में सबसे छोटे थे। उनके बड़े भाई शिवम विवाहित हैं और हरियाणा में निजी नौकरी करते हैं। वहीं, बहन साधना अभी पढ़ाई कर रही हैं, प्रशांत अविवाहित थे। परिजन प्रशांत और उनकी बहन की जल्द शादी करना चाहते थे।