सीतापुर। कोचिंग का संचालन करने वाले एक शिक्षक ने गुरु-शिष्य के रिश्ते को तार-तार कर दिया। शिक्षक ने छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। वीडियो बनाया और वायरल करने की धमकी देकर कई बार दुष्कर्म किया। आरोप है कि बाद में वीडियो वायरल कर दिया। इससे परेशान छात्रा ने घटना के दो माह बाद कोतवाली में तहरीर दी है।
कोतवाल अंबर सिंह का कहना है कि केस दर्ज कर लिया गया है, कार्रवाई की जा रही है। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में व्यक्ति कोचिंग चलाता था। छात्रा वहां पढ़ने आती थी। करीब दो माह पूर्व छात्रा दवा लेकर घर लौट रही थी, तभी आरोपी उदय राज ने उसे गांव तक ले चलने की बात कहकर बाइक पर बैठा लिया। रास्ते में नहर के किनारे बाइक रोकी।
छात्रा को खेत में खींच ले गया और दुष्कर्म किया। आरोप है कि उसने वीडियो भी बनाया। छात्रा को शिकायत करने पर जान से मारने व वीडियो वायरल करने की धमकी भी दी। कुछ लोगों का कहना है कि वीडियो वायरल भी हो गया। इससे परेशान छात्रा ने बुधवार देर रात शहर कोतवाली में आरोपी उदयराज के खिलाफ केस दर्ज कराया है।