सीतापुर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने गुरुवार को जिले में छापामारी अभियान चलाया। प्राथमिक स्कूल में पिसी धनिया व चावल की गुणवत्ता खराब मिली। एक ढाबे पर भी पनीर सही नहीं मिला। टीम ने मिलावट की आशंका को देखते हुए छह नमूने भरे। इन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
एफएसओ विनय कुमार व अजय कुमार ने नगर क्षेत्र के पीएससी स्थित प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय में छापामारी की। वहां पर अरहर व मटर की दाल की गुणवत्ता देखी। इन दालों का उपयोग कर नौनिहालों को भोजन परोसा जा रहा था। इस पर टीम ने उच्च प्राथमिक विद्यालय से मटर दाल, अरहर व सरसों तेल का नमूना भरा।
इसके बाद प्राथमिक विद्यालय के भोजन की गुणवत्ता की जांच की। यहां पिसी धनिया व चावल की गुणवत्ता खराब मिली। इस पर टीम ने इन खाद्य पदार्थों का नमूना लिया। खाद्य सुरक्षाधिकारी रवींद्र नाथ वर्मा ने खैराबाद टोल प्लाजा स्थित एक ढाबे पर छापामारी की। भोजन की गुणवत्ता को परखा। पनीर की गुणवत्ता खराब दिखी।
पनीर पर फफूंदी लगा होना प्रतीत हो रहा था। गुणवत्ता प्रभावित होने के संदेह पर पनीर का नमूना लिया गया। अभिहित अधिकारी अरविंद कुमार यादव ने बताया इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।