सीतापुर। सिधौली के उच्च प्राथमिक विद्यालय सैदापुर की सहायक अध्यापिका किरण दीक्षित को बीएसए ने शुक्रवार को निलंबित कर दिया। शिक्षिका पर छात्राओं को पीटने का आरोप लगा था। एबीएसए की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की गई है।
एक अगस्त को विद्यालय की छात्राओं अंजली, अनामिका, प्रियांशी, आराधना और राधिका ने विद्यालय परिसर में खड़ी गाड़ी का शीशा खोला था। इससे नाराज शिक्षिका किरण दीक्षित ने छात्राओं को डांटा और पीटा। इस मामले में खबर प्रकाशित हुई थी। खंड शिक्षा अधिकारी सिधौली ने 3 अगस्त को स्थलीय जांच की थी।
जांच में छात्राओं के संयुक्त बयान और अभिभावकों संतोष कुमार, सरबेश सिंह, श्यामू व रश्मिलता के लिखित बयान लिए गए। विद्यालय के अन्य स्टाफ के भी बयान दर्ज किए गए। जांच आख्या में किरण दीक्षित को प्रथम दृष्ट्या दोषी पाया गया। इसके बाद बीएसए ने सस्पेंड कर दिया। जांच के दौरान वह उच्च प्राथमिक विद्यालय हरदोइया में अपनी उपस्थिति देंगी। वहीं, एबीएसए पिसावां अवनीश कुमार इस मामले की विस्तृत जांच कर एक माह में बीएसए को आख्या देंगे।