खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन टीम ने बुधवार को सिधौली, महमूदाबाद, मिश्रिख व शहर में मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान मिठाई में मिलावट के संदेह पर करीब एक क्विटंल मिठाई नष्ट कराई। साथ ही पांच खाद्य पदार्थों के नमूने भरे।
अभिहित अधिकारी वीके सहाय ने बताया खाद्य सुरक्षा अधिकारी आरएन वर्मा ने सिधौली कस्बे के दिनेश यादव की मिष्ठान भंडार पर छापा मारा। यहां से पापड़ी व मिल्क केक का नमूना भरा। साथ ही टीम ने 10 किलो पापड़ी, 10 किलो जलेबी व 10 किलो मिल्क केक नष्ट कराया।
महमूदाबाद में रतीपुर चौराहे के निकट खाद्य सुरक्षा अधिकारी कृत्रि गुप्ता ने दीनबंधु व संदीप की मिष्ठान दुकान से 10 किलो मिल्क केक व 5 किलो कनाती हलुवा की गुणवत्ता खराब होने पर नष्ट कराया। इनके नमूने भी भरे।
मछरेहटा में खाद्य सुरक्षा अधिकारी बृजमोहन गुप्ता ने अवधेश कुमार की दुकान से 12 किलो बर्फी नष्ट कराई। यही से पेड़ा का नमूना भरा। दुकान में गंदगी मिलने पर टीम ने व्यापारी को नोटिस जारी किया। मनोज गुप्ता के यहां पर 30 किलो मिल्क केक नष्ट कराया।