नैमिषारण्य क्षेत्र में अवैध रूप से कुछ लोगों ने शीशम व चिलवल के पेड़ काट डाले। पेड़ काटने के दौरान ही एक डाल बिजली लाइन पर गिर गए। इससे तार टूट गए और क्षेत्र में बिजली भी गुल हो गई। वन विभाग व पावर कार्पोरेशन कार्रवाई की बात कह रहा है।
क्षेत्र के ठाकुरनगर ग्राम सभा क्षेत्र में अजीजपुर जाने वाले मार्ग के किनारे शीशम वे चिलवल के पेड़ लगे थे। बुधवार रात लकड़ी माफिया ने अवैध रूप से 9 शीशम व 9 चिलवल के पेड़ काट डाले। लकड़ी काटने के दौरान ही एक भारी भरकम डाल करीब से गुजरी बिजली लाइन के तार पर गिर गई।
इससे तार टूट गया और तीन खंभे भी टूट गए। जिस कारण क्षेत्र की बिजली गुल हो गई। तार टूटने के बाद करंट लगने के भय से लकड़ी माफिया कटी हुई लकड़ियों को मौके पर ही छोड़कर भाग गए। सुबह लोगों को इसकी जानकारी हो सकी। घटना को लेकर वन विभाग व पावर कार्पोरेशन कार्रवाई की बात कह रहे हैं।
होगी कार्रवाई
पेड़ काटे जाने की सूचना मिली है। जिन लोगों ने भी अवैध कटान किया है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद आरोपियों को तलाशा जाएगा। एके सिंह, वनक्षेत्राधिकारी दर्ज कराएंगे रिपोर्ट अवैध कटान से बिजली के तीन खंभे टूटे हैं। ट्रांसफार्मर भी क्षतिग्रस्त हुआ है। इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है।
नीरज वर्मा, जेई