सीतापुर। परिषदीय विद्यालय के नौनिहालों को 31 अक्तूबर से पहले स्वेटर मिलेंगे। स्वेटर को लेकर एक माह से चल रही कवायद पूरी हो गई है। स्वेटर का टेंडर फाइनल हो चुका है। ऐसे में जल्द ही परिषदीय विद्यालयों में स्वेटर का वितरण कार्य शुरू हो जाएगा।
सरकारी विद्यालय में पढने वाले नौनिहालों को तमाम सुविधाएं दी जा रही है। बच्चों को स्कूल में एमडीएम, जूता-मोजा, ड्रेस, पाठ्य पुस्तकें व स्वेटर दिए जाते है। इससे वह पूरी तैयारी के साथ स्कूल आएं जिससे उनका मन भी पढ़ने में लगे। अक्तूबर माह से हल्की फुल्की सर्दी शुरू हो गई है।
जब कड़ाके की ठंड पड़े तो नौनिहालों को सर्दी से बचाने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने तैयारियां तेजी से शुरू कर दी है। स्वेटर को लेकर जैम पोर्टल पर टेंडर फाइनल हो चुका है। अब औपचारिकता पूर्ण करनी बाकी है। इससे नौनिहालों को जल्द स्वेटर मिलने की उम्मीद दिख रही है।
बेसिक शिक्षा विभाग का कहना है कि 31 अक्तूबर से पहले सभी नौनिहालों को स्वेटर बांट दिए जाएंगे। जब वह नवंबर माह में आएंगे तो स्वेटर पहने हुए दिखाई देंगे। एक स्वेटर की कीमत 200 रुपये तय की गई है। इसका लाभ जिले के 4 लाख 92 हजार 981 नौनिहालों को मिलेगा।
स्वेटर का वितरण शिक्षकों के माध्यम से कराया जाएगा। जिले में 3015 प्राथमिक विद्यालय है। इसी प्रकार 1156 उच्च प्राथमिक विद्यालय है। इन विद्यालयों में 4 लाख 92 हजार 981 नौनिहाल पढ़ रहे है। इन नौनिहालों के लिए स्वेटर खरीद जाएंगे। यानि एक नौनिहाल को एक स्वेटर मिलेगा। स्वेटर वितरण पर 9 करोड़ 85 लाख 96 हजार 200 रुपये खर्च होंगे।
हो चुका है टेंडर
स्वेटर खरीद को लेकर टेंडर हो चुका है। कुछ काम शेष बचा है। इस माह के अंत तक सभी नौनिहालों को स्वेटर उपलब्ध हो जाएगा। कोशिश रहेगी कि कोई भी बच्चा बिना स्वेटर के नहीं दिखाई दे।
अजय कुमार, बीएसए