सीतापुर। वायरल फीवर का प्रकोप तेजी से फैल रहा है। जिला अस्पताल में शनिवार को बुखार के करीब 1200 मरीज पहुंचे। अगर एक सप्ताह की बात की जाए तो करीब 70 फीसदी बुखार के मरीज आए हैं। इनमें 20 मरीजों में टाइफाइड की पुष्टि हुई है। इन सभी को प्राथमिक इलाज देकर घर पर आराम करने की सलाह दी गई।
जिला अस्पताल की ओपीडी में शनिवार सुबह आठ बजे से लाइनें लगनी शुरू हो गईं। परचा काउंटर पर भीड़ नजर आई। परचा बनवाने के बाद मरीजों ने फिजिशियन डाॅ. अनुपम मिश्रा, डॉ. रचना गौड़ व डॉ. रवि शेखर के पास जाकर इलाज करवाया।
चिकित्सकों ने बताया कि इस समय बुखार के अधिक मरीज आ रहे हैं। ओपीडी में 100 में से करीब 70 मरीज बुखार से परेशान होते हैं। इस पर चिकित्सकों ने पैथोलाॅजी के माध्यम से जांच करवाई। 20 मरीजों में टाइफाइड की पुष्टि हुई। सबको आराम करने की सलाह दी गई।