रामकोट (सीतापुर)। क्षेत्र के अर्थाना गांव से निकली माइनर में बीते कई महीनों से पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है। जिसके चलते भीषण गर्मी में किसानों की गन्ने की फसल सूख रही है। वहीं, बिजली की अघोषित कटौती के चलते भी किसान सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं।
उरदौली, अमदापुर, गदनापुर व गौरा व अर्थाना होकर बरमी तक जाने वाली माइनर में इन दिनों पानी छोर तक नहीं पहुंच पा रहा है। ऐसा इसलिए क्योंकि गौरा, अमदापुर व अन्य गांवों में लोगों ने पानी को बांध रखा है। जिससे पर्याप्त पानी आगे नहीं पहुंच पाता है। सिंचाई के लिए पानी नहीं मिलने से गन्ने की फसल सूखने से किसान चिंतित हैं। सिंचाई विभाग के अवर अभियंता शुभ्रकांत वर्मा ने बताया कि 3,000 क्यूसेक पानी की डिमांड भेजी गई है। जल्द ही पर्याप्त मात्रा में पानी मिलेगा। उन्होंने बताया कि पानी को बांधकर रोकने की जानकारी पर क्षेत्रीय शीशपाल मौके पर पहुंचते हैं। बांध खुलवाए जाते हैं, लेकिन अक्सर ग्रामीण बांध खुलवाने के समय विभागीय कर्मी पर हमलावर हो जाते हैं।