महमूदाबाद (सीतापुर)। तेज रफ्तार ट्रक ने शुक्रवार की सुबह साइकिल सवार छात्रा को जोरदार टक्कर मार दी। इससे छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर पाकर पहुंची पुलिस ने ट्रक को पकड़ लिया। पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र के पेनीपुर मजरा उस्मानपुर गांव निवासी रविंद्र सिंह की सत्तरह वर्षीय बेटी नेहा क्षेत्र के मौलाना आजाद डिग्री कॉलेज में बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा थी। शुक्रवार की सुबह करीब 11 बजे वह साइकिल से कोचिंग जा रही थी। इसी बीच बिसवां मार्ग पर टैक्सी स्टैंड के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने छात्रा को टक्कर मार दी। इससे छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई।
आसपास के लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। खबर पाकर कस्बा इंचार्ज संदीप तिवारी, उपनिरीक्षक रामनरेश ने मौके पर पहुंच कर पड़ताल की। पुलिस ने ट्रक को पकड़कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
छात्रा की मौत की खबर मिलते ही रोते-बिलखते उसके परिवारीजन मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही मौलाना आजाद डिग्री कॉलेज के अधीक्षक राजेश कुमार सिंह, राहुल सिंह व बृजेश कुमार भी मौके पर पहुंचे। कोतवाल अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि परिवारीजन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।