हरगांव (सीतापुर)। यूपी बोर्ड हाईस्कूल की परीक्षा में लगातार दो बार असफल होने के कारण पचेहरा मजरा नौनेरी निवासी एक छात्र ने बृहस्पतिवार रात विषाक्त पदार्थ का खा लिया। परिजनों के मुताबिक फेल होने के चलते उसने यह कदम उठाया है। परिजनों ने पुलिस को मामले की जानकारी नहीं दी है, छात्र का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।
पचेहरा के मजरा नौनेरी निवासी विकास (18) ढोलईकलां स्थित एक इंटर कॉलेज का छात्र है। दादी जयंत्री के अनुसार विकास पिछले वर्ष हाईस्कूल में पढ़ रहा था। फेल होने पर वह इस वर्ष भी हाईस्कूल परीक्षा में शामिल हुआ था। बृहस्पतिवार को परीक्षाफल घोषित होने पर इस बार भी परीक्षा में वह असफल हो गया। परिणाम से आहत होकर रात में छात्र ने घर में रखा विषाक्त पदार्थ खा लिया।
कुछ ही देर में उसकी हालत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजनों को घटना की जानकारी हुई। परिजन छात्र को लेकर सीधे जिला अस्पताल पहुंचे, जहां इलाज चल रहा है। छात्र की हालत स्थिर बताई जा रही है। दादी के अनुसार पिछले वर्ष असफल होने के चलते विकास इस बार भी मानसिक दबाव में था। इस बार भी असफल होने के बाद उसने यह कदम उठा लिया। थानाध्यक्ष बलवंत शाही ने बताया कि परिजनों ने फिलहाल पुलिस को कोई जानकारी नहीं दी है।