सीतापुर। किसी भी वाहन की नेम प्लेट अथवा शीशे पर जाति व पद लिखने के मामले में यातायात विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। मिशन शक्ति फेज 5 के तहत 22 सितंबर से 29 सितंबर तक संचालित यातायात पुलिस के अभियान में जाति व पद सूचक शब्द लिखने के साथ ही ट्रैफिक नियमों का पालन न करने पर 160 वाहनों के चालान काटने की कार्रवाई की गई। साथ ही वाहन स्वामियों से 1.60 लाख रुपये का जुर्माना भी वसूला गया है।
यातायात निरीक्षक फरीद अहमद ने बताया कि जांच के दौरान मुख्य तौर पर छह मामलों में चालान काटे गए हैं। इसके साथ ही चार पहिया वाहनों पर लगी काली फिल्म लगाने के मामले में भी 33 वाहनों का चालान कर 66 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। गड़बड़ नंबर प्लेट लगाकर वाहन चलाने के मामले में सबसे अधिक 223 वाहनों के चालान काटे गए हैं। इसके अलावा हूटर के प्रयोग में तीन, बाइक से स्टंट मामले में 20, वाहन में नीली बत्ती का प्रयोग के मामले में 20 वाहनों के चालान काटे गए हैं।
उन्होंने बताया कि किसी भी वाहन पर जाति सूचक शब्द या स्लोगन लिखने पर एक हजार रुपये जुर्माना लगाए जाने का प्रावधान है। अभियान के दौरान अब तक कुल 2363 चालान काटने के साथ वाहन चालकों पर 41 लाख 98 हजार 500 रुपये जुर्माना लगाया गया है।