तंबौर (सीतापुर)। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव करीब आते ही चुनावी रंजिश की घटनाओं के साथ पुलिस की मुश्किलें भी बढ़नी शुरू हो गई हैं। बीती रात तंबौर इलाके में वोट मांगने के दौरान एक ही समुदाय के दो प्रत्याशियों के समर्थक आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों में जमकर पथराव और कई राउंड फायरिंग हुई। मामले की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर भी दबंगों ने पथराव कर दिया।
पथराव में किसी पुलिस कर्मी और दोनों पक्षों के लोगों के घायल होने की खबर नहीं है। पुलिस ने दोनों पक्षों से नामजद और अज्ञात सात समेत 88 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दोनों पक्षों के दोनों पूर्व प्रधानों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद गांव में तनाव है। तंबौर इलाके के अकबरपुर निवासी जुनैद अहमद व रईस अहमद दोनों पूर्व प्रधान हैं।
इस बार भी दोनों चुनाव लड़ रहे हैं। बताते हैं कि सोमवार को एक पक्ष के समर्थन में कुछ लोग गांव में वोट मांगने गए थे, इस बीच दूसरे पक्ष के लोग भी पहुंच गए। दोनों पक्षों के समर्थकों के आमने-सामने होने के बाद कहासुनी के बाद विवाद शुरू हो गया। ये देख पास में रह रहे तंबौर थाने के चौकीदार ललित ने विरोध किया।
आरोप है कि विरोध करने पर जुनैद पक्ष के लोगों ने चौकीदार की पिटाई कर दी। इसकी सूचना चौकीदार ने थाने पर दी। इसके बाद दोनों पक्षों के लोगों ने जमकर पथराव किया। ईंट, गुम्मा चलाए। सूचना मिलने पर एसओ तंबौर अंबर सिंह ने थाने से पुलिस फोर्स भेजी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बवाल कर रहे लोगों को शांत कराने की कोशिश की।
एसओ का दावा है कि विवाद को शांत कराने पहुंची पुलिस टीम पर दबंगों ने हमला कर दिया। पथराव किया। इसमें कोई पुलिस कर्मी घायल नहीं हुआ है। आरोप है कि जुनैद पक्ष ने कई राउंड ताबड़तोड़ फायरिंग भी की, लेकिन फायरिंग में कोई जख्मी नहीं हुआ है।
फोर्स के पहुंचने पर भाग निकले समर्थक
पथराव की सूचना पाकर एसओ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसओ के पहुंचने के बाद माहौल शांत हुआ। बवाल कर रहे दोनों पक्षों के समर्थक मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना जिला मुख्यालय पर होने के बाद मौके पर रेउसा, थानगांव, सकरन थानों की फोर्स को भेजा गया। देर रात सीओ बिसवां ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की है।
पुलिस ने मौके से आरोपी पूर्व प्रधान जुनैद, उसके भाई इरफान को पकड़कर थाने लाई, जहां पर दूसरे पक्ष के प्रधान प्रत्याशी रईस पहले से मौजूद था। एसओ तंबौर अंबर सिंह ने तहरीर दी है। एसओ की तहरीर पर आरोपी रईस और उसके पक्ष के 16 नामजद, 40 अज्ञात, आरोपी जुनैैद व उसके पक्ष के सात नामजद, 25 अज्ञात के खिलाफ पुलिस पर हमला करने में हत्या के प्रयास, बलवा, मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा डालने की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
दोनों प्रधान प्रत्याशी मिले पॉजिटिव, थाने में दहशत
दोनों पक्षों पर केस दर्ज कर तीन लोगों को गिरफ्तार करने के बाद तंबौर पुलिस सभी को मेडिकल के लिए लेकर गई। वहां पर कोरोना की भी जांच हुई। एसओ तंबौर अंबर सिंह ने बताया कि कोरोना की जांच में दोनों प्रत्याशी जुनैद और रईस पॉजिटिव पाए गए हैं। इसकी सूचना मिलते ही थाने में भी हड़कंप मच गया। आरोपियों को पकड़ने और थाने लाकर रात में रोकने के दौरान संपर्क में आने वाले थाने के सभी सिपाही दहशत में हैं। एहतियात के तौर पर थाने को सैनिटाइज करा दिया गया है।
मामले में दोनों पक्षों से 23 नामजद और करीब 65 अज्ञात लोगों पर केस दर्ज कर लिया गया है। दोनों पक्षों से तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। अब माहौल पूरी तरह से शांत है।
अंबर सिंह, एसओ तंबौर