सीतापुर। शहर कोतवाली क्षेत्र में दबंगों ने एक युवक पर फायरिंग कर दहशत फैला दी। आरोप है कि एक गोली युवक के पैर में भी लगी है। पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि किसी को गोली नहीं लगी है।
मोहल्ला सिविल लाइन चर्च रोड निवासी आयुष यादव ने बताया कि सोमवार रात 12:30 बजे वह अपनी कार से अपने भाई व दोस्तों के साथ पानी लेने सीतापुर कैंट गया था। वापस आते समय तीन बाइक से एटीसी निवासी संदीप सिंह चौहान, कजियारा निवासी अमन शहजादा, कार्तिकेय दीक्षित, अमन यादव, नैपालापुर निवासी बिंगू मिश्रा, कांचा पाण्डेय और विषू कनौजिया के साथ दो अज्ञात व्यक्ति उसके पास आए।
फिर गालियां देने लगे। आरोपी संदीप कार खोलकर जबरदस्ती घुस गया और असलहा लगाकर कार लालकुर्ती ले चलने की बात कही। पीड़ित ने जैसे ही कार डॉक्टर खन्ना के क्लीनिक के पास रोकी। आरोपी ने दो हवाई फायर किए। फिर मंडप गेस्ट हाउस के पास कार पहुंची तो आरोपी ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगे। एक गोली पीड़ित की कार में लगी। वहीं दूसरी उसके मित्र प्रथम गुप्ता के पैर पर लगी।
पीड़ित ने मामले की तहरीर पुलिस को दी। इंस्पेक्टर आलोक मणि त्रिपाठी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जिसके पैर में गोली लगने की बात सामने आ रही है। उसके परिजनों ने गोली लगने की बात से मना किया है।