सीतापुर। आनंदी देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित दो दिनी संकुल स्तरीय खेलकूद समारोह के पहले दिन शुक्रवार को छात्र-छात्राओं ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपने जौहर दिखाए। खराब मौसम में इनके प्रदर्शन को देख उपस्थित लोग आश्चर्यचकित रह गए।
विद्या भारती से सम्बद्ध तथा भारतीय शिक्षा समिति उत्तर प्रदेश द्वारा संचालित जिले के सरस्वती शिशु मन्दिर एवं सरस्वती विद्या मन्दिर (नगरीय) की प्रतियोगिता का उद्घाटन पूर्व एमएमसी राकेश सिंह व वीरेंद्र डोडेजा, शिवेंद्र प्रताप सिंह, सुभाष चंद्र अग्निहोत्री ने संयुक्त रुप से किया।
मुख्य अतिथि, पूर्व एमएलसी राकेश सिंह ने कहा कि बौद्धिक शिक्षा के साथ ही शारीरिक शिक्षा अनिवार्य हो गई है। विद्या भारती द्वारा संचालित विद्यालयों में इन सभी की पूर्ति होती है। सुरेश सिंह ने कहा कि खेल आज छात्र जीवन में बहुत महत्वपूर्ण हो गया है, क्योंकि खेलने से केवल शरीर मजबूत नहीं होता, बल्कि मानसिक संतुलन भी बना रहता है और टीम भावना का विकास होता है।
इससे पूर्व कार्यक्रम की रुपरेखा विद्यालय के प्रधानाचार्य श्रवण कुमार श्रीवास्तव व प्रस्ताविकी सम्भाग निरीक्षक सुरेश सिंह ने प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता के पहले दिन 50, 100 मीटर की दौड़ व लम्बी कूद, ऊंची कूद आदि प्रतियोगिताएं कराई गईं। संचालन विश्वदीप शुक्ल ने किया। इस प्रतियोगिता में सीतापुर संकुल के समस्त प्रधानाचार्य, प्रबंध समिति के सदस्य, प्रतिभागी उपस्थित रहें।